

ब्यूरो रिपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े कथित मॉर्फ्ड, अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मेटा (Meta) इंडिया के प्रमुख तथा कुछ फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट्स के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है।


पहला मामला 29 वर्षीय व्यवसायी एस. अरविंद रेड्डी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े कई मॉर्फ्ड और डिजिटल रूप से बदले गए वीडियो एवं तस्वीरें प्रसारित की जा रही थीं, जिनमें उन्हें कथित तौर पर अश्लील, अपमानजनक और भ्रामक तरीके से दिखाया गया था।



शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ पोस्ट में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से संबंधित संपादित (एडिटेड) दृश्य भी शामिल थे। शिकायत में आशंका जताई गई है कि यह सामग्री कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) या अन्य डिजिटल तकनीकों की सहायता से तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा की गई।

दूसरा मामला तेलंगाना भाजपा के कार्यकर्ता एवं सोशल मीडिया सीसी सदस्य टी. साईकिरण गौड़ की शिकायत पर दर्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कई आपत्तिजनक रील्स और मॉर्फ्ड तस्वीरें प्रसारित की जा रही थीं। उन्होंने ऐसे अकाउंट्स की जांच कर कार्रवाई की मांग की है, जो कथित रूप से इस प्रकार की सामग्री साझा कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि संबंधित वीडियो और पोस्ट में से अधिकांश या तो हटा दिए गए हैं अथवा भारत में उनकी पहुंच (एक्सेस) प्रतिबंधित कर दी गई है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की तकनीकी जांच कर रही है और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने इस मामले में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 66-सी और 67 के अलावा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) तथा 336(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कथित आपत्तिजनक सामग्री किसने तैयार की, किसने साझा की और उसके प्रसार में किन-किन की भूमिका रही।


फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस ने अभी किसी भी आरोपी के दोषी होने की पुष्टि नहीं की है। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

