1 सितंबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ-2026, तैयारियों में जुटा युवा कल्याण विभाग

1 सितंबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ-2026, तैयारियों में जुटा युवा कल्याण विभाग

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से बहुप्रतीक्षित खेल महाकुंभ-2026 का आयोजन आगामी 1 सितंबर से शुरू होगा। यह राज्यव्यापी खेल महोत्सव लगभग 30 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके तहत विभिन्न चरणों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

खेल महाकुंभ की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल (पीआरडी) विभाग की निदेशक दीप्ति सिंह ने एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, सूचना विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में खेल महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियों, विभागों के बीच समन्वय तथा जिम्मेदारियों के निर्धारण पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि प्रतियोगिताओं का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

निदेशक दीप्ति सिंह ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य आयोजन से पहले सभी प्रारंभिक तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों की सहभागिता से खेल महाकुंभ के संचालन में बेहतर समन्वय स्थापित होगा और आयोजन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि शासन और विभाग का प्रयास है कि इस वर्ष का खेल महाकुंभ अधिक व्यापक, व्यवस्थित और सफल हो। इसके माध्यम से राज्य के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए उपयुक्त मंच उपलब्ध होगा।

खेल महाकुंभ के दौरान राज्यभर में विभिन्न आयु वर्गों और खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का भी प्रयास किया जाएगा।

युवा कल्याण विभाग का मानना है कि खेल महाकुंभ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उत्तराखंड में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अभियान है। विभाग ने सभी संबंधित एजेंसियों से आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।