

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, विभागवार दायित्वों तथा कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को सशक्त करने वाला महत्वपूर्ण जनअभियान है। उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों और राष्ट्रनिर्माण में जनभागीदारी के महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।



उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर, प्रत्येक नागरिक और प्रत्येक समुदाय को आजादी के राष्ट्रीय उत्सव से जोड़ना है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को जन-जन का उत्सव बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


सीडीओ ने विशेष रूप से तिरंगा यात्राओं और साइकिल रैलियों में आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर तिरंगा यात्रा तथा साइकिल रैली के सफल आयोजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला समूहों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने नगर निगम को शहरी क्षेत्रों तथा ग्राम विकास विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, मॉल, प्रमुख चौराहों एवं अन्य स्थानों पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से संबंधित प्रदर्शनी और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, उसके महत्व तथा स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों से जोड़ा जाए।

बैठक में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रत्येक गतिविधि, कार्यक्रम और आयोजन का विवरण एवं फोटोग्राफ निर्धारित समय सीमा के भीतर ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं, ताकि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग और प्रगति का समुचित आकलन किया जा सके। बैठक के अंत में सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



