गुरु पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा स्नान कर गुरुओं का लिया आशीर्वाद

गुरु पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा स्नान कर गुरुओं का लिया आशीर्वाद

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

धर्मनगरी हरिद्वार में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही हरकी पैड़ी, विभिन्न आश्रमों, मठों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र स्नान कर अपने गुरुजनों का पूजन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हरकी पैड़ी सहित प्रमुख घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की कामना की।

शहर के विभिन्न आश्रमों, मठों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, सत्संग और गुरु वंदना के कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुरु-शिष्य परंपरा की अद्भुत झलक देखने को मिली, जहां शिष्यों ने अपने गुरुओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने बताया कि गुरु पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन महर्षि वेदव्यास का अवतार हुआ था, जिन्होंने वेदों का संकलन और ज्ञान का प्रचार-प्रसार कर मानव समाज को अमूल्य दिशा प्रदान की।

संतों और विद्वानों ने अपने प्रवचनों में कहा कि गुरु जीवन का सच्चा मार्गदर्शक होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और गुरु-शिष्य परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया तथा गुरु के बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूरे हरिद्वार में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं कीं। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाते हुए धर्मनगरी के आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया और गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्पण व्यक्त किया।