

ब्यूरो रिपोर्ट

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दिलाई, लेकिन इसके साथ ही राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला। सुबह से शुरू हुई बारिश दोपहर बाद तेज हो गई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, छात्र और दैनिक यात्री घंटों तक सड़कों पर फंसे रहे।


भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मंगलवार को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे के बीच राजधानी के कई इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान पूसा में सबसे अधिक 80 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि जनकपुरी में 72 मिमी, लोधी रोड में 63.4 मिमी, सफदरजंग में 57.6 मिमी और छतरपुर में 57.5 मिमी वर्षा हुई। आया नगर में 50.1 मिमी, नारायणा में 44 मिमी, रिज में 37.3 मिमी और पालम में 26 मिमी बारिश दर्ज की गई।


लगातार बारिश के कारण राजधानी के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम, लोधी रोड, रिज और आया नगर सहित अधिकांश मौसम केंद्रों पर भी तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री तक कम रहा।


बारिश का सबसे अधिक असर राजधानी की यातायात व्यवस्था पर पड़ा। आईटीओ, मिंटो ब्रिज, धौला कुआं, रिंग रोड, नारायणा, द्वारका, जनकपुरी, उत्तम नगर, आश्रम चौक, सराय काले खां, विकास मार्ग, लक्ष्मी नगर, करोल बाग, रोहिणी, आजादपुर, पीरागढ़ी और पंजाबी बाग समेत कई इलाकों में जलभराव के कारण लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। वहीं एशिया के सबसे बड़े थोक बाजारों में शामिल सदर बाजार में कई जगह घुटनों से लेकर कमर तक पानी भर गया, जिससे सैकड़ों दुकानों में सीवर का पानी घुसने से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
मौसम विभाग ने दिल्ली और नोएडा के लिए अगले दो दिनों का येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार 29 जुलाई से 3 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। नोएडा में भी मंगलवार को करीब 32.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे तापमान में लगभग 9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। बारिश के बाद वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ और नोएडा का एक्यूआई 72 तथा ग्रेटर नोएडा का 73 दर्ज किया गया।


