

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

। मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में गिरफ्तार रही केसर नेगी ने अपने परिवार के साथ गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के आवास पर शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के बाद सांसद अनिल बलूनी का बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण प्रक्रिया पर भरोसा जताया।


सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में किसी भी नागरिक को न्याय दिलाने का प्रयास जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और निष्पक्ष जांच का पूरा अवसर मिलना चाहिए।



उन्होंने कहा कि उनका सदैव यह विश्वास रहा है कि किसी भी मामले में सत्य तथ्यों और निष्पक्ष जांच के आधार पर ही सामने आना चाहिए। कानून के दायरे में रहकर प्रत्येक नागरिक को न्याय मिलने का अधिकार है और इसी सिद्धांत का पालन किया जाना चाहिए।


सांसद ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि इस प्रकरण में जल्द सत्य सामने आए और न्याय की स्थापना हो। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
अनिल बलूनी ने समाज में सुरक्षा, संवेदनशीलता और कानून के शासन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि किसी भी घटना की निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण कार्रवाई से ही लोगों का भरोसा मजबूत होता है। उन्होंने कानून के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी होने की बात कही।

मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामला पहले से ही चर्चा में है और अब केसर नेगी की सांसद से हुई मुलाकात के बाद इस प्रकरण को लेकर नई राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया अपने निर्धारित क्रम में जारी है।



