

ब्यूरो रिपोर्ट

दिल्ली-एनसीआर में मानसून ने जोरदार दस्तक देते हुए लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई है। मंगलवार को सुबह से शुरू हुई बारिश दोपहर बाद तेज हो गई, जिससे राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।


आईएमडी के अनुसार, बीते 24 घंटों में दिल्ली के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पालम, रिज, लोधी रोड और आया नगर सहित अन्य मौसम केंद्रों पर भी तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया।



मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दोपहर 11:30 बजे से 2:30 बजे के बीच राजधानी के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान पूसा में सबसे अधिक 80 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि जनकपुरी में 72 मिमी, लोधी रोड में 63.4 मिमी, सफदरजंग में 57.6 मिमी और छतरपुर में 57.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।


बारिश के चलते आईटीओ, मिंटो ब्रिज, धौला कुआं, नारायणा, जनकपुरी, द्वारका, आश्रम चौक, सराय काले खां, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, लक्ष्मी नगर, करोल बाग, रोहिणी और पंजाबी बाग समेत कई प्रमुख इलाकों में जलभराव हो गया। इसके कारण कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को घंटों ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।
भारी बारिश का असर एशिया के सबसे बड़े थोक बाजारों में शामिल सदर बाजार पर भी देखने को मिला। बाजार की सड़कों और गलियों में घुटनों से लेकर कमर तक पानी भर गया। कई दुकानों में सीवर का पानी घुसने से व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान खराब हो गया, जिससे कारोबार भी प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार 29 जुलाई से 3 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान सावधानी बरतने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और मौसम विभाग की ताजा सलाह का पालन करने की अपील की है।



