UTU के कथित पेपर लीक मामले पर सियासत तेज, रुड़की में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

UTU के कथित पेपर लीक मामले पर सियासत तेज, रुड़की में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) के कथित पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। रुड़की में सुराज सेवा दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने जॉइंट मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।

सुराज सेवा दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जॉइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय तक मार्च निकालकर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग उठाई तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

संगठन के नेता एवं ग्राम प्रधान नौशाद अली ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है और पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है।

प्रदर्शन के दौरान अन्य वक्ताओं ने कहा कि सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से इस्तीफा लेना चाहिए। उनका कहना था कि इस तरह के मामलों से छात्रों और अभ्यर्थियों का भरोसा कमजोर होता है, इसलिए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषियों की जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सुराज सेवा दल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। संगठन का कहना है कि युवाओं के अधिकारों और पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर उनका संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा। वहीं, इस मामले को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होती दिखाई दे रही है।