गुरु पूर्णिमा पर त्रिपुरासुंदरी बालाजी मंदिर में होंगे धार्मिक आयोजन

गुरु पूर्णिमा पर त्रिपुरासुंदरी बालाजी मंदिर में होंगे धार्मिक आयोजन

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

नगर के रूपनगर स्थित त्रिपुरासुंदरी बालाजी मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर बुधवार को विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

मंदिर प्रमुख पूरन चंद्र पाठक गुरुजी ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु शामिल होकर भगवान बालाजी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

उन्होंने बताया कि सुंदरकांड पाठ के बाद गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में गुरु पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पूरन चंद्र पाठक गुरुजी ने कहा कि उन्होंने परमहंस गुरुदेव जितेंद्र चंद्र भारतीय जी से दीक्षा ग्रहण की है और उन्हीं की प्रेरणा से वह मंदिर में आने वाले लोगों की समस्याओं का निशुल्क निवारण करने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की पूर्णिमा तिथि पर त्रिपुरासुंदरी बालाजी महाराज को विशेष चोला चढ़ाया जाता है। मंदिर में समय-समय पर धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।

पूरन चंद्र पाठक गुरुजी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करने का विशेष पर्व है। इस दिन गुरु के मार्गदर्शन और आशीर्वाद का स्मरण कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त की जाती है।

मंदिर प्रबंधन की ओर से गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं से धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।