मंदाकिनी नदी के बीच फंसी महिलाओं का SDRF ने किया रेस्क्यू, लकड़ी लेने गई थीं महिलाएं

मंदाकिनी नदी के बीच फंसी महिलाओं का SDRF ने किया रेस्क्यू, लकड़ी लेने गई थीं महिलाएं

स्थान : रुद्रप्रयाग
ब्यूरो रिपोर्ट

तिलवाड़ा-घनसाली मोटर पुल के नीचे मंदाकिनी नदी के बीच चट्टान पर फंसी महिलाओं का SDRF की टीम ने सफल रेस्क्यू कर लिया। महिलाएं नदी किनारे लकड़ी लेने गई थीं, इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से वह बीच धार में फंस गईं।

जानकारी के अनुसार, महिलाएं मंदाकिनी नदी के किनारे लकड़ी निकालने गई थीं। इसी दौरान बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे नदी के दोनों किनारों पर पानी का बहाव तेज हो गया और महिलाएं बाहर नहीं निकल सकीं। मजबूरन उन्हें नदी के बीच स्थित पत्थर की चट्टान पर रुकना पड़ा।

महिलाओं के नदी के बीच फंसे होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने प्रशासन को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद SDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए नदी के तेज बहाव के बीच पहुंचकर सभी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद महिलाओं ने राहत की सांस ली। प्रशासन और SDRF टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए बड़ा हादसा होने से बचा लिया।

गौरतलब है कि जिला प्रशासन की ओर से लगातार लोगों को नदी-नालों और जल स्रोतों के आसपास जाने से बचने की चेतावनी दी जा रही है। इसके बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नदी किनारे पहुंच रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

प्रशासन ने एक बार फिर आम लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी किनारे जाने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।