खटीमा में भाजपा ने नव-नामित सभासदों और कांग्रेस से आए नेताओं का किया स्वागत

खटीमा में भाजपा ने नव-नामित सभासदों और कांग्रेस से आए नेताओं का किया स्वागत

स्थान – खटीमा ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर के खटीमा में भारतीय जनता पार्टी ने नगर पालिका के नव-नामित सभासदों एवं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं का स्वागत समारोह आयोजित किया। खटीमा ब्लॉक सभागार में हुए कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नव-नामित सभासदों तथा नए सदस्यों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

कार्यक्रम में नगर पालिका खटीमा के चार नव-नामित सभासदों—नीरू गुप्ता, संगीता राणा, इंदिरा चंद और कश्यप मोटवानी—का भाजपा नेताओं ने अभिनंदन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने सभी का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं का स्वागत रहा। हाल ही में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाली पूर्व महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रेखा सोनकर तथा पूर्व प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य राजू सोनकर का भी पार्टी की ओर से सम्मान किया गया। भाजपा नेताओं ने इसे संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि नए साथियों के जुड़ने से खटीमा में संगठन को मजबूती मिलेगी और पार्टी की जनाधार बढ़ाने की रणनीति को बल मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नए सदस्य संगठन की विचारधारा के अनुरूप क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अजय मौर्य ने कहा कि नए साथियों के पार्टी में शामिल होने से खटीमा क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी। वहीं रेखा सोनकर ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों और सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।