डौली रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध खनन और लकड़ी तस्करी में कई वाहन सीज

डौली रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध खनन और लकड़ी तस्करी में कई वाहन सीज

स्थान – लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट

तराई पूर्वी वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाली डौली रेंज में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी और अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने पिछले एक सप्ताह के दौरान लकड़ी और अवैध खनिज परिवहन में लिप्त आधा दर्जन से अधिक वाहनों एवं मोटरसाइकिलों को पकड़कर सीज किया है। सभी मामलों में वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग के अनुसार, डौली रेंज की टीम ने लगातार गश्त और निगरानी के दौरान अवैध पातन तथा अवैध खनन से जुड़े कई मामलों का खुलासा किया। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल वाहनों को रोककर जांच की गई, जिसमें कई वाहन अवैध रूप से वन संपदा और खनिज का परिवहन करते पाए गए।

वन क्षेत्राधिकारी डौली नवीन चंद्र पवार ने बताया कि बीते सप्ताह दो ट्रक और लगभग आधा दर्जन मोटरसाइकिलें अवैध खनन में संलिप्त मिलीं। इसके अलावा एक पिकअप वाहन अवैध लकड़ी के परिवहन में पकड़ा गया। सभी वाहनों को सीज कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान वन अपराधों में बढ़ोतरी की आशंका रहती है। इसे देखते हुए विभाग ने सभी वनकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

वन क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि वन क्षेत्रों में अवैध लकड़ी तस्करी, खनन और अन्य वन अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए विभाग आगे भी सघन अभियान जारी रखेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।