यमुना घाट पर प्रस्तावित मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद गहराया, भाजपा नेता रामशरण नौटियाल धरने पर बैठे

यमुना घाट पर प्रस्तावित मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद गहराया, भाजपा नेता रामशरण नौटियाल धरने पर बैठे

स्थान – कालसी/ देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

यमुना घाट पर प्रस्तावित मूर्ति स्थापना को लेकर कालसी में विवाद गहरा गया है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता रामशरण नौटियाल शनिवार को ऐतिहासिक झूला पुल पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुल के पहले पाये पर मूर्ति स्थापित करने का प्रयास मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी विकास योजना और ऐतिहासिक धरोहर संरक्षण के प्रयासों को प्रभावित करेगा।

धरने के दौरान रामशरण नौटियाल ने कहा कि वर्ष 1872 में अंग्रेजों द्वारा निर्मित ऐतिहासिक झूला पुल जौनसार-बावर की पहचान रहा है और वर्षों तक क्षेत्र के लोगों के आवागमन का प्रमुख माध्यम बना रहा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यमुना घाट का विकास गंगा घाटों की तर्ज पर किया जा रहा है तथा इस ऐतिहासिक पुल को संरक्षित कर ‘श्याम झूला’ के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी सरकार को दिया गया है, जिसकी मुख्यमंत्री ने सराहना की थी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका विरोध मूर्ति स्थापना से नहीं, बल्कि उसके लिए चुने गए स्थान को लेकर है। उनका कहना था कि यदि संबंधित संस्था ने निजी भूमि खरीदी है तो मंदिर और मूर्ति की स्थापना वहीं की जाए। ऐतिहासिक पुल के पाये पर निर्माण होने से भविष्य में पुल के संरक्षण और विकास की संभावनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

रामशरण नौटियाल ने आरोप लगाया कि बिना व्यापक जनसहमति और आवश्यक प्रशासनिक अनुमति के पुल के पाये पर निर्माण का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुल के कुछ हिस्सों पर तोड़फोड़ की गई है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि दोनों योजनाओं को साथ लेकर चलना है तो नदी में अलग आधार बनाकर मूर्ति स्थापित की जा सकती है, लेकिन ऐतिहासिक धरोहर के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी।

धरने के दौरान उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि जब तक ऐतिहासिक झूला पुल की सुरक्षा और प्रस्तावित विकास योजना पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से सांस्कृतिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के बीच संतुलित समाधान निकालने की अपील भी की।