मंगलौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की 18 मोटरसाइकिलें बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार

मंगलौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की 18 मोटरसाइकिलें बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार

स्थान – मंगलौर
ब्यूरो रिपोर्ट

मंगलौर कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की 18 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को नियमित चेकिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आईं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय की गई जब मंगलौर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध युवक मिले, जिनसे पूछताछ और जांच के बाद उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

गिरफ्तार दोनों आरोपी टांडा भनेड़ा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों लंबे समय से चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उनके विरुद्ध पहले से भी विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने किन-किन क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है और उनके नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने और चोरी के अन्य मामलों से उनका संबंध खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।