गदरपुर में एफआईआर दर्ज न होने पर कांग्रेस का थाने में धरना, निष्पक्ष जांच की मांग

गदरपुर में एफआईआर दर्ज न होने पर कांग्रेस का थाने में धरना, निष्पक्ष जांच की मांग

स्थान – गदरपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

गदरपुर में कथित मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज न होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बड़ी संख्या में थाना परिसर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, हाल ही में विधायक अरविंद पांडे के “युवा संवाद” कार्यक्रम के दौरान दो युवाओं द्वारा सवाल पूछे जाने के बाद उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने पर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।

धरने को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि पीड़ित युवाओं के साथ अन्याय हुआ है और शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस क्षेत्राधिकारी बाजपुर ने इंस्पेक्टर गदरपुर को एफआईआर दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पीड़ितों को न्याय मिलेगा।

विधि विशेषज्ञ एवं कांग्रेस नेता आर.पी. सिंह ने कहा कि शिकायत मिलने के बावजूद एफआईआर दर्ज न करना गंभीर कानूनी त्रुटि है। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिल्पी अरोरा ने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है और इसी के विरोध में कांग्रेस को धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा।

वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी बाजपुर अखिलेश कुमार ने कहा कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के आधार पर नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसान नेता सलविंदर सिंह कलसी ने भी प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि अन्याय के खिलाफ उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।