

ब्यूरो रिपोर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तराखंड के 12 जिलों में अगले तीन घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार सुबह 10:57 बजे से दोपहर 1:57 बजे तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।


मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और ऊधमसिंह नगर जिले प्रभावित हो सकते हैं। इन जिलों में मौसम के अचानक खराब होने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


विभाग ने बताया कि गदरपुर, हल्द्वानी, मुक्तेश्वर, कौसानी, रानीखेत, रामनगर, लोहाघाट, बेरीनाग, कोटद्वार, थराली, लक्सर, कर्णप्रयाग, देवप्रयाग, चौखुटिया, गंगोलीहाट, ऋषिकेश, रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।


मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को भूस्खलन संभावित इलाकों में सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। लगातार बारिश की स्थिति में नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की भी अपील की गई है।


