खटीमा में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; सोने के आभूषण बरामद

खटीमा में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; सोने के आभूषण बरामद

स्थान – खटीमा /ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले की खटीमा पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को बिगराबाग निवासी रामवती ने कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को शेखर राना पर संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली और बताया कि उसने चोरी किए गए आभूषण सितारगंज के बरूवाबाग स्थित अपने किराए के मकान में छिपा रखे हैं।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छापेमारी कर चोरी का सामान बरामद कर लिया। बरामद आभूषणों में एक जोड़ी पोंजी, एक जोड़ी कानफूल, मंगलसूत्र के 10 दाने तथा एक लॉकेट शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय शेखर राना पुत्र जगदीश सिंह राना, निवासी चांदपुर, थाना खटीमा, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान चोरी की वारदात कबूल कर ली थी। उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया गया है। साथ ही पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।