टनकपुर-बनबसा की विकास परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, तय समय सीमा में कार्य पूरे करने के निर्देश

टनकपुर-बनबसा की विकास परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, तय समय सीमा में कार्य पूरे करने के निर्देश

स्थान – टनकपुर( चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ‘आदर्श चंपावत–विकसित चंपावत’ की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।

बैठक में जिलाधिकारी ने शारदा नदी घाट पुनर्विकास परियोजना, सिटी ड्रेनेज प्लान, इकोलॉजिकल कॉरिडोर, रोपवे परियोजना, रणकोची मंदिर के पर्यटन विकास एवं जीर्णोद्धार, बाढ़ सुरक्षा, सड़क तथा विद्युत परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रत्येक विकास परियोजना का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाएं।

शारदा नदी घाट पुनर्विकास परियोजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना क्षेत्र में अतिक्रमण से प्रभावित परिवारों के लिए सामाजिक प्रभाव आकलन (एसआईए) तथा पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आरएंडआर) योजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों के लिए समुचित आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा स्थानीय लोगों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखा जाए, ताकि विकास कार्यों को बिना किसी बाधा के आगे बढ़ाया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसहभागिता और पारदर्शिता के साथ परियोजनाओं को समय पर पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए विकास कार्यों को गति देने और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।