भीमताल में ₹1.45 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सुनीं जनसमस्याएं

भीमताल में ₹1.45 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सुनीं जनसमस्याएं

स्थान – भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भीमताल ब्लॉक में लंबे समय से जर्जर पड़े नौकुचियाताल-सीलौटीपंत और दागड़-चनोती मोटर मार्गों के सुधारीकरण की मांग को देखते हुए प्रदेश के मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इन योजनाओं पर कुल ₹1 करोड़ 45 लाख की लागत स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्रवासियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीणों ने बताया कि नौकुचियाताल-सीलौटीपंत तथा दागड़-चनोती मोटर मार्गों की खराब स्थिति के कारण किसानों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बरसात के मौसम में सड़कें अधिक क्षतिग्रस्त हो जाने से परेशानी और बढ़ जाती थी। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से मोटर मार्गों के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग की थी।

जनता की मांग पर मंत्री कैड़ा ने नौकुचियाताल-सीलौटीपंत मोटर मार्ग के टाइल आधारित सुधारीकरण के लिए ₹90 लाख, दागड़-चनोती मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए ₹6 लाख, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नौकुचियाताल में योगा हॉल के फेब्रिकेशन के लिए ₹36 लाख तथा नौकुचियाताल झील किनारे बाखली में म्यूरल्स स्थापना के लिए ₹12 लाख की स्वीकृति दिलाई। इन सभी कार्यों का शनिवार को विधिवत लोकार्पण किया गया।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जनहित के कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य कराया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना और लोगों को सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में क्षेत्र की जनता ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया तथा विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।