वर्कशॉप से निकलते ही 3 किमी में खराब हुई रोडवेज बस, लोहाघाट डिपो की बदहाली पर यात्रियों में रोष

वर्कशॉप से निकलते ही 3 किमी में खराब हुई रोडवेज बस, लोहाघाट डिपो की बदहाली पर यात्रियों में रोष

स्थान : लोहाघाट ( चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड परिवहन निगम के लोहाघाट डिपो की खस्ताहाल स्थिति लगातार यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। डिपो में बसों की भारी कमी के साथ ही पुरानी बसों के बार-बार खराब होने से यात्री परेशान हैं। शुक्रवार को हल्द्वानी जाने वाली रोडवेज बस वर्कशॉप से निकलने के महज तीन किलोमीटर बाद ही लोहाघाट बस अड्डे पर खराब होकर खड़ी हो गई।

जानकारी के अनुसार, लोहाघाट के छमनिया स्थित वर्कशॉप से बस को जांच के बाद हल्द्वानी रूट के लिए रवाना किया गया था। लेकिन बस लोहाघाट बस अड्डे तक पहुंचते-पहुंचते ही क्लच में खराबी आने के कारण आगे नहीं बढ़ सकी। अचानक बस खराब होने से हल्द्वानी जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बस खराब होने के बाद यात्रियों ने परिवहन निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। यात्रियों का कहना है कि रोडवेज की बसें आए दिन बीच रास्ते में खराब हो रही हैं, जिससे सफर करना जोखिम भरा हो गया है। कई बार बसें दुर्घटनाओं का भी शिकार हो चुकी हैं।

यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सरकार और परिवहन विभाग से लोहाघाट डिपो को नई बसें उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही डिपो की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले समय में यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।

बताया जा रहा है कि लोहाघाट डिपो की वर्कशॉप में भी स्पेयर पार्ट्स की भारी कमी बनी हुई है। पुराने और खराब पार्ट्स से किसी तरह काम चलाया जा रहा है, जिसके कारण बसों का सही तरीके से रखरखाव नहीं हो पा रहा है और वे रास्ते में खराब हो जाती हैं।

बसों की कमी के कारण डिपो से कई रूटों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से जल्द नई बसें उपलब्ध कराने और डिपो की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि यात्रियों को सुचारू और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सके।