आकाश दीप और मुकेश कुमार बने डीएसपी, बिहार सरकार ने ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत दिया नियुक्ति पत्र

आकाश दीप और मुकेश कुमार बने डीएसपी, बिहार सरकार ने ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत दिया नियुक्ति पत्र

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को बिहार सरकार ने बड़ा सम्मान दिया है। दोनों खिलाड़ियों को 24 जुलाई को पटना में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्ति पत्र सौंपा गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत दोनों क्रिकेटरों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहीं। क्रिकेटरों आकाश दीप और मुकेश कुमार के साथ एथलीट पीयूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) पद पर नियुक्ति दी गई।

कार्यक्रम में बिहार के कुल 19 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र दिया गया। इनमें विभिन्न खेलों के खिलाड़ी और पांच पैरा खिलाड़ी भी शामिल रहे। इस दौरान खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति चयन पत्र और सम्मान राशि भी प्रदान की गई। बिहार सरकार के अनुसार, पिछले दो वर्षों में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 180 खिलाड़ियों को अलग-अलग सरकारी विभागों में नौकरी दी जा चुकी है।

इस मौके पर एथलीट सेतु मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। एशियाई अंडर-23 प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतने वाले सेतु मिश्रा को बिहार सरकार की ओर से 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई। वहीं एथलीट विभास्कर कुमार को भी दो लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।

बिहार सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस योजना को शुरू किया है। सरकार का कहना है कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता देकर उनका मनोबल बढ़ाया जा रहा है।

वहीं आकाश दीप और मुकेश कुमार की नजरें अब भारतीय टीम में वापसी पर टिकी हैं। आकाश दीप आईपीएल 2026 के दौरान चोटिल होने के कारण पूरे सीजन से बाहर रहे थे, जबकि मुकेश कुमार ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से आईपीएल में हिस्सा लिया था। दोनों गेंदबाज एक बार फिर टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए प्रयासरत हैं।