

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद पौड़ी गढ़वाल को पहली बार राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) अकादमी की सौगात मिली है। लंबे समय से चली आ रही मांग और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बाद शासन ने अकादमी की औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 90 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जबकि निर्माण कार्य के प्रथम चरण के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत कर दी गई है।


एनसीसी अकादमी की स्थापना से जनपद के युवाओं को एनसीसी प्रशिक्षण के लिए आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही परियोजना के निर्माण और संचालन से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी इससे बढ़ावा मिलेगा।



पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने इसे जनपद के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहली बार पौड़ी को एनसीसी अकादमी मिलने से युवाओं को अपने जिले में ही बेहतर प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी और यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

विधायक ने कहा कि एनसीसी अकादमी न केवल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करेगी, बल्कि इससे क्षेत्र में रोजगार और विकास की नई संभावनाएं भी खुलेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना भविष्य में पौड़ी की पहचान को नई दिशा देगी।
स्थानीय निवासी राकेश नौटियाल ने भी शासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि एनसीसी अकादमी की स्वीकृति से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके अनुसार अकादमी बनने से सुनियोजित विकास को गति मिलेगी, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय व्यापार को भी लाभ पहुंचेगा।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के किसानों और बागवानों को भी लाभ मिलेगा। अकादमी के संचालन से स्थानीय कृषि एवं बागवानी उत्पादों की मांग बढ़ेगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।:::



