मिशन 2027 की तैयारियों में जुटी आजाद समाज पार्टी, जसपुर से नईम अहमद को बनाया प्रत्याशी

मिशन 2027 की तैयारियों में जुटी आजाद समाज पार्टी, जसपुर से नईम अहमद को बनाया प्रत्याशी

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। जहां एक ओर निर्वाचन आयोग चुनावी तैयारियों को गति दे रहा है, वहीं विभिन्न राजनीतिक दल भी अपनी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति को धार देने में जुट गए हैं। इसी क्रम में भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी ने मिशन-2027 के तहत चुनावी बिगुल फूंकते हुए जसपुर विधानसभा क्षेत्र से अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी।

पार्टी ने वर्तमान जिला पंचायत सदस्य नईम अहमद को जसपुर विधानसभा सीट (62) से अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। नईम अहमद हाल ही में कांग्रेस छोड़कर अपने समर्थकों के साथ आजाद समाज पार्टी में शामिल हुए हैं। पार्टी नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें मैदान में उतारने का फैसला किया है।

इस अवसर पर जसपुर में पार्टी के चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष लेखराज सिंह गौतम, जिलाध्यक्ष शाहनवाज अहमद तथा अन्य पदाधिकारियों ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा मिशन-2027 को सफल बनाने का संकल्प लिया।

कार्यालय उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।

मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष लेखराज सिंह गौतम और जिलाध्यक्ष शाहनवाज अहमद ने कहा कि आजाद समाज पार्टी प्रदेश में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक राजनीति का विकल्प प्रस्तुत करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी को प्रदेशभर में जनता का समर्थन मिलेगा।

वहीं, जसपुर विधानसभा से घोषित प्रत्याशी नईम अहमद ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा और आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरकर जीत हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।