शहरी विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की समीक्षा बैठक

शहरी विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की समीक्षा बैठक

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (यूयूएसडीए) द्वारा प्रदेशभर में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सड़क निर्माण सहित सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने रायपुर, बंजारावाला, नैनीताल, हल्द्वानी, टनकपुर, विकासनगर, किच्छा, कोटद्वार सहित विभिन्न शहरों में चल रही परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवर लाइन, पेयजल, सड़क निर्माण और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए तथा सड़क निर्माण संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से एशियन विकास बैंक (एडीबी), केएफडब्ल्यू (जर्मन बैंक) और यूरोपियन इन्वेस्टमेंट बैंक (ईआईबी) के सहयोग से प्रदेश में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईआईबी के सहयोग से पिथौरागढ़, सितारगंज, रुद्रपुर और काशीपुर में विभिन्न निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, जिनका लाभ लगभग छह से सात लाख लोगों को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि केएफडब्ल्यू के सहयोग से ऋषिकेश में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने, तपोवन क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने तथा 24 ई-बसों की व्यवस्था से संबंधित परियोजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं उनका शीघ्र लोकार्पण कराया जाए, ताकि जनता को उनका लाभ मिल सके। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं की नियमित निगरानी करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में मंत्री ने जलागम विभाग द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों साथ-साथ चलने चाहिए। उन्होंने ‘पेड़ बचाओ अभियान’ के तहत संतुलित विकास को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में सचिव नितेश झा, परियोजना निदेशक अभिषेक रोहिला, अपर परियोजना निदेशक विनय मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।