शौर्य विजय दिवस पर हरिद्वार में जनपद स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता शुरू

शौर्य विजय दिवस पर हरिद्वार में जनपद स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता शुरू

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कारगिल विजय की गौरवगाथा को याद करते हुए शौर्य विजय दिवस के उपलक्ष्य में हरिद्वार में खेल विभाग की ओर से जनपद स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में जिले भर से बालक एवं बालिका वर्ग की कुल आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों में खेल भावना के साथ राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत करना है।

प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम के खेलो इंडिया हॉकी सेंटर में किया गया। उद्घाटन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिनमें प्रतिभागी टीमों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया।

जिला खेल अधिकारी रविंद्र भंडारी ने बताया कि शौर्य विजय दिवस के अवसर पर इस प्रतियोगिता का आयोजन युवाओं को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करता है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में बेहतर प्रदर्शन करने का अनुभव प्राप्त होता है, जिससे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।

दो दिवसीय यह प्रतियोगिता गुरुवार को संपन्न होगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। खेल विभाग ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।

जिला खेल अधिकारी ने बताया कि 26 जुलाई को कारगिल शौर्य दिवस के अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ देश के वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर भी प्रदान करेंगे।