

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को रेस्क्यू के दौरान कोबरा सांप ने काट लिया, लेकिन घबराने के बजाय उसने पहले कोबरा को सुरक्षित डिब्बे में बंद किया और फिर उसी जिंदा सांप को साथ लेकर सरकारी अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल में डिब्बे के अंदर जिंदा कोबरा देखकर डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और वहां मौजूद लोगों के बीच कौतूहल का माहौल बन गया। फिलहाल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद निवासी अरुण कुमार पिछले चार-पांच वर्षों से रामनगर के बेड़ाझाल क्षेत्र में रहकर टाइल्स लगाने का कार्य करते हैं। इसके साथ ही वह जरूरत पड़ने पर सांपों का रेस्क्यू भी करते हैं। बुधवार सुबह करीब पांच बजे उन्हें गुबानपुर क्षेत्र के एक घर में कोबरा घुसने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर अरुण मौके पर पहुंचे और कोबरा को सुरक्षित पकड़ने का प्रयास शुरू किया।


रेस्क्यू के दौरान जब अरुण कोबरा को डिब्बे में बंद कर रहे थे, तभी सांप ने उनकी दाहिने हाथ की तर्जनी (इंडेक्स फिंगर) पर काट लिया। इसके बावजूद उन्होंने धैर्य बनाए रखा और पहले कोबरा को सुरक्षित डिब्बे में बंद किया। इसके बाद वह उसी डिब्बे में जिंदा कोबरा को लेकर सीधे रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय, रामनगर पहुंच गए।


अस्पताल में मरीज के साथ जिंदा कोबरा देखकर डॉक्टर और वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। कुछ ही देर में अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और यह अनोखी घटना चर्चा का विषय बन गई।
संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि युवक की उंगली पर सांप के काटने के स्पष्ट निशान मिले हैं। अस्पताल पहुंचते ही उसका उपचार शुरू कर दिया गया और चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

कोबरा को साथ लेकर अस्पताल पहुंचने की यह अनोखी घटना पूरे रामनगर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोग अरुण कुमार के साहस और सूझबूझ की सराहना कर रहे हैं।



