

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में हुए सनसनीखेज दोहरे साधु हत्याकांड का पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंदिर में रहने वाले साधुओं के बीच गद्दी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते मुख्य पुजारी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर दो साधुओं की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।



हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से दोनों साधुओं के शव मंदिर परिसर के पीछे गड्ढा खोदकर दफना दिए। पुलिस ने जांच के दौरान शव बरामद कर लिए हैं। साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।

घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसएसपी ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस दोहरे हत्याकांड के सभी पहलुओं का निष्पक्ष और गहनता से खुलासा किया जाएगा।


