

स्थान : गदरपुर (उधम सिंह नगर)
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधमसिंह नगर के गदरपुर में भारतीय जनता पार्टी के युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति पैदा हो गई, जब संविधान हाथ में लेकर पहुंचे कुछ युवाओं ने कार्यक्रम के बीच नारेबाज़ी शुरू कर दी। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर तनावपूर्ण माहौल बन गया और भाजपा कार्यकर्ताओं तथा प्रदर्शनकारी युवाओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।


गदरपुर स्थित शहनाई वाटिका में आयोजित भाजपा के युवा संवाद कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष कुंदन लटवाल, क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडे, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।



इसी दौरान जंतर-मंतर पर राहुल गांधी के साथ पुलिस द्वारा कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिसके चलते कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।


उधर, कार्यक्रम के बीच संविधान की प्रति हाथ में लेकर पहुंचे कुछ युवाओं ने जंतर-मंतर पर युवाओं के साथ कथित अत्याचार का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी शुरू कर दी। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें कार्यक्रम स्थल से बाहर निकालने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
मंच पर मौजूद विधायक अरविंद पांडे ने नारेबाज़ी कर रहे युवाओं को दोबारा मंच के सामने बुलाकर अपनी बात रखने का आग्रह किया, लेकिन इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ। प्रदर्शनकारी छात्र वंश शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप लगाया और सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। कुछ समय तक कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और कार्यक्रम आगे जारी रहा।



फिलहाल इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

