कोटद्वार में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा घोटालों को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

कोटद्वार में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा घोटालों को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

स्थान : कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)
ब्यूरो रिपोर्ट

देश में शिक्षा व्यवस्था और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन की गूंज अब उत्तराखंड तक पहुंच गई है। इसी क्रम में कोटद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कार्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, युवा और आमजन एकत्र हुए। यहां से प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर तक रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, लेकिन सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाने में विफल साबित हुई है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़ा यह गंभीर मुद्दा है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि छात्रों का विश्वास बहाल हो सके।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा घोटालों पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो पार्टी युवाओं के हितों को लेकर आंदोलन को और व्यापक करेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।