

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड के समीप सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब करीब चार से पांच वर्ष का एक मासूम राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे खुले कलमठ (पुलिया) में जा गिरा। उस समय कलमठ में तेज बहाव के साथ पानी बह रहा था। मौके पर मौजूद टैक्सी चालकों की सतर्कता और साहस से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई।


गुमदेश टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष मदन सिंह धोनी और उमेश कालाकोटी ने बताया कि बच्चा अपनी मां के साथ लोहाघाट आया हुआ था। इसी दौरान पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड के पास खेलते समय वह खुले कलमठ में गिर गया। घटना के समय पानी का बहाव काफी तेज था, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसपास मौजूद वाहन चालकों ने बिना समय गंवाए कलमठ के भीतर उतरकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में बच्चे को चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। समय रहते राहत मिलने से उसकी जान बच गई।


घटना के बाद पंचेश्वर और बाराकोट टैक्सी स्टैंड के चालकों ने प्रशासन से खुले कलमठ के ऊपर सुरक्षा जाली लगाने की मांग की। उनका कहना है कि यह स्थान लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है और पहले भी यहां इस तरह की घटना हो चुकी है।

टैक्सी चालकों ने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर तत्काल सुरक्षा जाली लगाने और अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक इंतजाम करने की मांग की, ताकि लोगों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले कलमठ दुर्घटनाओं को लगातार आमंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द स्थायी समाधान करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



