

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

दिल्ली में छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में मंगलवार को एनएसयूआई रानीखेत के बैनर तले गांधी चौक पर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।


प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि देश का युवा शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठा रहा है, लेकिन सरकार संवाद करने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है। उन्होंने छात्रों के साथ हुए कथित व्यवहार को लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के विपरीत बताया।



एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक छात्र का अधिकार है और उसकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कथित घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। वक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि सादी वर्दी में मौजूद कुछ लोगों ने छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट की और छात्राओं के साथ भी पुलिस द्वारा कथित दुर्व्यवहार किया गया।


कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की आवाज को इसी तरह दबाने का प्रयास जारी रहा तो एनएसयूआई प्रदेशभर में लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगी। संगठन ने कहा कि छात्र हितों, शिक्षा के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उसका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “तानाशाही नहीं चलेगी”, “छात्र एकता जिंदाबाद”, “लोकतंत्र बचाओ, शिक्षा बचाओ” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

प्रदर्शन में एनएसयूआई के रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा, मानस कुमार, अंकित रावत, उत्कर्षा माहरा, ललित, रितेश, पंकज किरोला, अरसलान शेख, गौरव कुँवरबी, नावेद कुरैशी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनके अलावा नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट, चिलियानौला नगर अध्यक्ष कमलेश बोरा, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज जोशी, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय, सतीश नेगी, पूर्व ग्राम प्रधान राजेश कुमार, सभासद सुंदर कुँवरबी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, मुकेश वाल्मीकि समेत कांग्रेस से जुड़े कई पदाधिकारी और समर्थक भी प्रदर्शन में शामिल रहे।



