

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मंगलवार को नवनिर्मित थाना बनभूलपुरा का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना भवन की गुणवत्ता और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना भवन की निर्माण गुणवत्ता, विभिन्न कार्यालय कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेख कक्ष, आगंतुक कक्ष, बैरक, मालखाना, शस्त्रागार, सुलभ प्रसाधन व्यवस्था सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और सभी व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप विकसित करने पर विशेष जोर दिया।



डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना परिसर में प्रस्तावित सभी सुविधाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि आमजन को बेहतर और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित थाना भवन पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक सक्षम, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


एसएसपी ने यह भी कहा कि पुलिस अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह, सहायक अभियंता जयांक पांडे, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा गगनदीप सिंह, भवन लिपिक श्रीमती दीपा मिराल सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के समापन पर अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी और आश्वस्त किया कि शेष कार्य भी निर्धारित समय के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे, जिससे थाना भवन जल्द ही पूर्ण रूप से संचालित हो सके।



