

स्थान : खटीमा
ब्यूरो रिपोर्ट

खटीमा में लगातार हो रही बारिश ने नगर पालिका प्रशासन की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा स्थित नागरिक अस्पताल परिसर और आसपास की नालियों में जलभराव होने से मरीजों और तीमारदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


बारिश के बाद अस्पताल परिसर में जगह-जगह पानी जमा हो गया है। उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे खासकर बुजुर्ग, बच्चे और गंभीर मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है।



स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार बारिश के मौसम में ऐसी स्थिति पैदा हो जाती है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर जलभराव होना लोगों की परेशानियों को और बढ़ा रहा है।


मरीजों और तीमारदारों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द जलभराव की समस्या का समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते नालियों की सफाई और पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में जलभराव की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाना चाहिए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए आने-जाने में परेशानी न हो।

फिलहाल बारिश के बीच नागरिक अस्पताल परिसर में बनी जलभराव की स्थिति ने नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए कितनी तेजी से कदम उठाता है।



