

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भवाली पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक व्यक्ति को 60 पाउच देसी मसालेदार शराब के साथ गिरफ्तार किया है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी।


पुलिस के अनुसार, भवाली क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 60 पाउच देसी मसालेदार शराब (माल्टा) बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान संतोष कुमार पुत्र बलिराम, निवासी गंगोरी, पोस्ट सुयालबाड़ी, थाना भवाली, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 31 वर्ष बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरामदगी के आधार पर कोतवाली भवाली में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 27/26 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

