नीति-मलारी घाटी में बारिश का कहर, तमक गाड़ी ब्रिज के पास मलवा आने से हाईवे बाधित

नीति-मलारी घाटी में बारिश का कहर, तमक गाड़ी ब्रिज के पास मलवा आने से हाईवे बाधित

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

चमोली जिले के ज्योतिर्मठ प्रखंड की धौली गंगा घाटी स्थित नीति-मलारी वैली में देर रात हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। भारी बारिश के चलते नीति घाटी को जोड़ने वाली मलारी रोड पर तमक गाड़ी ब्रिज के पास मलबा आने से हाईवे बाधित हो गया, जिससे क्षेत्र में आवाजाही प्रभावित हुई।

जानकारी के अनुसार, मध्य रात्रि हुई तेज बारिश के कारण तमक गाड़ी ब्रिज नामक स्थान पर पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरे। इसके बाद मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (BRO) की मशीनें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया।

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह बुटोला ने बताया कि बीते दिन तमक क्षेत्र में भी जबरदस्त बारिश हुई थी, जिसके चलते तमक नाले में उफान आ गया था। हालांकि बाद में नाले का जलस्तर कम होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई थी और मशीनों की मदद से सड़क को दुरुस्त कर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई थी।

उन्होंने बताया कि आज एक बार फिर तमक क्षेत्र में हाईवे बाधित होने के बाद कार्यदायी संस्था की मशीनें मौके पर जुटी रहीं। BRO के कर्मचारियों द्वारा युद्ध स्तर पर मलबा हटाने और सड़क खोलने का कार्य किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था जल्द बहाल हो सके।

अधिकारियों के अनुसार, सड़क खोलने का कार्य तेजी से जारी है और दोपहर करीब डेढ़ बजे तक मार्ग खुलने की संभावना जताई गई है। हालांकि मौसम की स्थिति को देखते हुए मौके पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

नीति-मलारी घाटी जैसे सीमांत क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं अक्सर चुनौती बनती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और मार्गों को जल्द बहाल करने की मांग की है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही आवाजाही करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।