

स्थान : : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में दुनिया के सबसे जहरीले और खतरनाक सांपों में शामिल किंग कोबरा की लगातार मौजूदगी चिंता का विषय बनती जा रही है। तराई क्षेत्र में पाए जाने वाले इस दुर्लभ विषैले सांप का एक बार फिर लोहाघाट के बनीगांव में दिखाई देना स्थानीय लोगों के लिए दहशत का कारण बन गया।


जानकारी के अनुसार बनीगांव में एक ग्रामीण की गौशाला में करीब सात फीट लंबा किंग कोबरा घुस गया। सांप को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद रेंजर लोहाघाट रमेश चंद्र जोशी के निर्देश पर वन बीट अधिकारी हिमांशु ढेक और रोहित मेहता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।



वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर जहरीले किंग कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। काफी मशक्कत के बाद सांप को पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। इस दौरान रेस्क्यू अभियान में भुवन और अनीश ने भी वन विभाग की टीम का सहयोग किया।


वन अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी लोहाघाट के बिसंग क्षेत्र से एक किंग कोबरा का सफल रेस्क्यू किया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि किंग कोबरा अब तराई तक सीमित नहीं रह गया है और चंपावत जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में भी पहुंचने लगा है।
वन विभाग के अनुसार जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय बदलावों के कारण किंग कोबरा जैसे वन्यजीव नए क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि किंग कोबरा विश्व के सबसे विषैले सांपों में गिना जाता है और बरसात के मौसम में इनके दिखाई देने की संभावना अधिक रहती है।

वन बीट अधिकारी रोहित मेहता और हिमांशु ढेक ने बताया कि रेस्क्यू किया गया किंग कोबरा लगभग सात फीट लंबा था। उन्होंने कहा कि समय के साथ यह प्रजाति 14 से 15 फीट तक लंबी हो सकती है, इसलिए लोगों को ऐसे सांप दिखने पर स्वयं पकड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।


वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास के स्थानों की नियमित सफाई रखें, झाड़ियों को हटाएं और किसी भी विषैले सांप के दिखाई देने पर घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचित करें। अधिकारियों का मानना है कि लोहाघाट क्षेत्र में किंग कोबरा की बढ़ती मौजूदगी भविष्य के लिए चिंता का विषय है और इसे गंभीरता से लेते हुए सतर्क रहने की आवश्यकता है।

