

स्थान : नानकमत्ता (खटीमा)
रिपोर्टर : अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता नगर पंचायत से राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले आठ दिनों से चल रही नगर पंचायत कर्मचारियों की हड़ताल प्रशासन की पहल के बाद समाप्त हो गई है। नए अधिशासी अधिकारी की तैनाती के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन वापस लेते हुए अपने-अपने कार्यों पर लौटने का निर्णय लिया।


कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने नगर पंचायत में नए अधिशासी अधिकारी की नियुक्ति की। इसके बाद कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी और लंबे समय से जारी धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।



हड़ताल खत्म होते ही नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था फिर से पटरी पर लौटने लगी है। पर्यावरण मित्र अपने कार्य पर वापस लौट आए हैं, जिससे नगर में नियमित सफाई कार्य शुरू हो गया है। इससे स्थानीय लोगों को भी काफी राहत मिली है।


नगर पंचायत के सभासदों ने कहा कि अब रुके हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उनका कहना है कि लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बताया जा रहा है कि कर्मचारी और जनप्रतिनिधि पूर्व अधिशासी अधिकारी की कार्यशैली से असंतुष्ट थे। उनका आरोप था कि आम जनता के साथ व्यवहार संतोषजनक नहीं था तथा समय पर टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण नगर पंचायत के कई विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे।

इन्हीं समस्याओं को लेकर कर्मचारी लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे थे और प्रशासन से समाधान की मांग कर रहे थे। प्रशासन द्वारा नए अधिशासी अधिकारी की नियुक्ति के बाद कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।


हड़ताल समाप्त होने के बाद नगरवासियों ने भी राहत की सांस ली है। लोगों को उम्मीद है कि अब सफाई व्यवस्था नियमित रहेगी, विकास कार्यों में तेजी आएगी और नगर पंचायत की जनहित सेवाएं पहले की तरह सुचारु रूप से संचालित होंगी।

