

स्थान : देहरादून
रिपोर्टर : संजय जोशी

देहरादून में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षकों तथा प्राचार्यों के रिक्त पदों के कारण छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


मंत्री कैड़ा ने बताया कि भीमताल विधानसभा के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय पतलोट में संस्कृत और भूगोल विषयों की कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं। इसके साथ ही महाविद्यालय में एम.ए. की पढ़ाई भी शुरू नहीं हो सकी है, जिससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य स्थानों का रुख करना पड़ रहा है या फिर कई छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।



उन्होंने शिक्षा मंत्री का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि राजकीय महाविद्यालय पतलोट में प्राचार्य का पद लंबे समय से रिक्त है। प्राचार्य की अनुपस्थिति के कारण महाविद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।


मंत्री कैड़ा ने राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ की स्थिति का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भवन निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं होने से छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए शीघ्र धनराशि स्वीकृत कर कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के अनेक प्राथमिक विद्यालयों, उच्च प्राथमिक विद्यालयों, हाईस्कूलों और इंटर कॉलेजों में शिक्षकों के कई पद रिक्त पड़े हैं। इससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है।

मंत्री कैड़ा ने शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से मांग की कि राजकीय महाविद्यालय पतलोट में प्राचार्य की नियुक्ति शीघ्र की जाए, संस्कृत एवं भूगोल विषय शुरू किए जाएं, एम.ए. की कक्षाएं संचालित की जाएं तथा राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ के भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत की जाए। साथ ही विभिन्न विद्यालयों में रिक्त शिक्षकों के पदों पर जल्द नियुक्तियां की जाएं।


शिक्षा मंत्री से मुलाकात के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शिक्षा विभाग इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कर क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।

