कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने जिला आपदा परिचालन केंद्र का किया औचक निरीक्षण, मानसून में 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने जिला आपदा परिचालन केंद्र का किया औचक निरीक्षण, मानसून में 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने शनिवार को अल्मोड़ा स्थित जिला आपदा परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली, आपदा संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान और त्वरित कार्रवाई व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने आपदा से जुड़ी सूचनाओं के प्राप्त होने, उनके अभिलेखीकरण, रिकॉर्ड संधारण और संबंधित विभागों तक समयबद्ध जानकारी पहुंचाने की प्रक्रिया की जांच की। उन्होंने विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं को लगातार अपडेट रखने के निर्देश दिए।

कुमाऊं आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून अवधि को देखते हुए जिला आपदा परिचालन केंद्र पूरी तरह सक्रिय रहे और 24 घंटे अलर्ट मोड में कार्य करे। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जनहानि और नुकसान को कम किया जा सके।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में सही समय पर सूचना का संकलन, व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से आपदा संबंधी सभी सूचनाओं का सही तरीके से अभिलेखीकरण और रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने जिला आपदा परिचालन केंद्र में निर्माणाधीन नए बैठक कक्ष का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि नया बैठक कक्ष तैयार होने से आपदा प्रबंधन से जुड़ी बैठकों और विभागीय समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को मानसून के दौरान हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।