UKPSC परीक्षाओं को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, 16 केंद्रों पर 7000 से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

UKPSC परीक्षाओं को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, 16 केंद्रों पर 7000 से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

स्थान : नैनीताल (हल्द्वानी)
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की ओर से आयोजित होने वाली प्रवक्ता एवं उच्च न्यायालय उत्तराखंड अधिष्ठान की विभिन्न पदों की परीक्षाओं को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

18 और 19 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षाओं के लिए जनपद के 16 परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इन परीक्षाओं में 7000 से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात जोनल, सेक्टर और पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 18 जुलाई को प्रवक्ता संवर्ग ‘समूह-ग’ (नागरिक शास्त्र) की परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। यह परीक्षा हल्द्वानी, मुखानी और लालकुआं क्षेत्र के 10 केंद्रों पर होगी, जिसमें करीब 3997 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं, 19 जुलाई को उच्च न्यायालय नैनीताल अधिष्ठान में सहायक समीक्षा अधिकारी, टाइपिस्ट सहित अन्य पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 3016 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी परीक्षा केंद्रों पर जोनल और सेक्टर पुलिस अधिकारियों की तैनाती की है। इसके अलावा सहायक सेक्टर पुलिस अधिकारी, परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और आउटर कार्डन ड्यूटी के लिए भी पुलिस कर्मियों को लगाया गया है।

एसपी हल्द्वानी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों और अन्य लोगों की सघन जांच की जाए। मेटल डिटेक्टर (DFMD/HHMD) के माध्यम से चेकिंग की जाएगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और जैमर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।

परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में इंटरनेट कैफे, फोटोकॉपी की दुकान और अन्य संबंधित संस्थानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, होटल, ढाबों, लॉज और होम-स्टे की भी सघन जांच करने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए गए हैं।

पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी तैयारी की है। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों और आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए यातायात पुलिस को विशेष व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस कर्मियों को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स से होने वाली संभावित धांधली रोकने के लिए पेनटॉर्च के माध्यम से सूक्ष्म जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नैनीताल पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया और साइबर सेल की टीम परीक्षा से जुड़ी अफवाहों, पेपर लीक के झूठे दावों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी। इसके अलावा एसओजी और साइबर टीम भी सक्रिय रहेगी। परीक्षा की निगरानी कंट्रोल रूम से रियल टाइम की जाएगी।

ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने सभी जवानों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।