ओएनजीसी ने रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दी अत्याधुनिक कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन

ओएनजीसी ने रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दी अत्याधुनिक कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

ओएनजीसी ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। ओएनजीसी की ओर से रायपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अत्याधुनिक कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन प्रदान की गई है। इस कार्यक्रम का आयोजन स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन द्वारा किया गया।

ओएनजीसी के सीजीएम नीरज शर्मा ने बताया कि करीब 35 लाख रुपये की लागत वाली यह हाई-रेजोल्यूशन अल्ट्रासाउंड मशीन क्षेत्र के मरीजों के लिए बेहतर जांच सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक मशीन के आने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

नीरज शर्मा ने बताया कि ओएनजीसी उत्तराखंड में सीएसआर के माध्यम से लगातार सामाजिक क्षेत्र में कार्य कर रही है। पिछले पांच वर्षों में कंपनी ने प्रदेश में करीब 250 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिसमें अस्पतालों और स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने सहित कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

रेडियोलॉजिस्ट डॉ. गीतिका खंडूरी ने बताया कि नई कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन पुरानी पोर्टेबल मशीन की तुलना में अधिक आधुनिक और सटीक है। इससे मरीजों की जांच में बेहतर स्पष्टता मिलेगी और गंभीर बीमारियों की पहचान अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को इस मशीन का बड़ा लाभ मिलेगा। इससे गर्भावस्था के दौरान होने वाली जांच अधिक सुरक्षित और सटीक तरीके से की जा सकेगी, जिससे समय पर चिकित्सकीय निर्णय लेने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने ओएनजीसी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की क्षमता बढ़ेगी और ग्रामीण व आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

ओएनजीसी की इस पहल से रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इससे क्षेत्र के लोगों को महंगे और दूरस्थ चिकित्सा केंद्रों पर निर्भरता कम होगी और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी।