हरेला पर्व पर देहरादून नगर निगम का विशेष अभियान, 5 लाख पौधों का होगा वितरण

हरेला पर्व पर देहरादून नगर निगम का विशेष अभियान, 5 लाख पौधों का होगा वितरण

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के प्रमुख सांस्कृतिक पर्व हरेला को इस बार देहरादून नगर निगम विशेष अभियान के रूप में मनाने जा रहा है। नगर निगम ने हरेला पर्व को स्वच्छता और पोषण अभियान से जोड़ते हुए शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वस्थ जीवन का संदेश देने की पहल की है।

नगर आयुक्त डॉ. आलोक कुमार पांडे ने बताया कि इस वर्ष नगर निगम की ओर से करीब 5 लाख पौधों का वितरण किया जाएगा। इसमें फलदार पौधों के साथ-साथ सब्जियों के पौधे भी शामिल होंगे। इन पौधों को शहर के परिवारों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि लोग अपने घरों में हरियाली बढ़ाने के साथ पोषणयुक्त सब्जियां भी उगा सकें।

उन्होंने बताया कि वितरित किए जाने वाले पौधों में भिंडी, लौकी, तोरी, करेला, खीरा, ककड़ी, शिमला मिर्च और टमाटर जैसे सब्जी के पौधे शामिल हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के साथ पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करना है।

हरेला अभियान के तहत नगर निगम स्वच्छता को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाएगा। इसके लिए लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। निगम की ओर से स्वच्छता संबंधी जागरूकता पैम्फलेट भी जारी किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने स्वयं सहायता समूहों (SHG) की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि नगर निगम के 50 वार्डों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में स्वयं सहायता समूह महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार इन समूहों द्वारा 1 करोड़ 70 लाख रुपये का कलेक्शन किया गया है, जो देहरादून के लिए बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि पौधों के वितरण की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूहों को दी गई है। इसके अलावा स्कूलों में बच्चों को स्वास्थ्य लाभ से जुड़े सहजन (ड्रमस्टिक) के पौधे भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी को पर्यावरण और पोषण के प्रति जागरूक किया जा सके।

नगर आयुक्त डॉ. आलोक कुमार पांडे ने शहरवासियों से अपील की कि हरेला पर्व पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर बनाया जा सकता है।