तराई विकास संघ के निर्विरोध अध्यक्ष बने गोपाल बोरा, खटीमा में भव्य स्वागत

तराई विकास संघ के निर्विरोध अध्यक्ष बने गोपाल बोरा, खटीमा में भव्य स्वागत

स्थान : खटीमा
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधम सिंह नगर के खटीमा में तराई विकास संघ (टीवीएस) के लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने पर वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल बोरा का भव्य स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण के साथ उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्य चौक से शहीद स्मारक तक विजय जुलूस भी निकाला गया।

गोपाल बोरा के खटीमा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकले विजय जुलूस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे मार्ग पर उत्साह का माहौल देखने को मिला।

शहीद स्मारक पहुंचकर गोपाल बोरा ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपनी जीत को राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और जनता के विश्वास को समर्पित बताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्य सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष दान सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर सहकारिता तक लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने गोपाल बोरा का दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपाल बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पार्टी नेतृत्व और सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना संगठन की लोकतांत्रिक कार्यशैली का प्रमाण है। उन्होंने सहकारिता के क्षेत्र में पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।

जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने भी गोपाल बोरा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में भाजपा की यह सफलता मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व और संगठन की मजबूत कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि गोपाल बोरा के नेतृत्व में तराई विकास संघ नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

कार्यक्रम में भाजपा के नगर एवं ग्रामीण मंडलों के पदाधिकारी, वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गोपाल बोरा के समर्थन में नारे लगाए और उनकी निर्विरोध जीत का उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।