स्मृति स्थल की धनराशि स्थानांतरित करने के विरोध में खेतीखान में अनिश्चितकालीन धरना शुरू

स्मृति स्थल की धनराशि स्थानांतरित करने के विरोध में खेतीखान में अनिश्चितकालीन धरना शुरू

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के खेतीखान में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रस्तावित स्मृति स्थल के लिए स्वीकृत धनराशि अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के विरोध में शुक्रवार से क्षेत्रवासियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। जिला पंचायत सदस्य अशोक महरा के नेतृत्व में इंदिरा पार्क में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर आंदोलन की शुरुआत की गई।

धरने को संबोधित करते हुए अशोक महरा ने कहा कि खेतीखान, जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मभूमि के रूप में जाना जाता है, वहां बनने वाले स्मृति स्थल के लिए स्वीकृत 20 लाख रुपये प्रशासन द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के अन्यत्र स्थानांतरित कर दिए गए। उन्होंने इसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान बताते हुए कहा कि इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश है।

महरा ने बताया कि इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभाग से जानकारी मांगी गई, लेकिन धनराशि स्थानांतरित करने के कारणों को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जनता इस फैसले से बेहद नाराज है और इसकी पारदर्शी जांच होनी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्राम सभा गोशनी ओली गांव में प्रस्तावित बहुउद्देशीय भवन एवं स्मृति स्थल के लिए स्वीकृत धनराशि वापस किए जाने तक इंदिरा पार्क में अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। आंदोलनकारी प्रशासन से पूर्व स्वीकृत योजना को यथावत लागू करने की मांग कर रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने शासन और प्रशासन से मांग की कि स्मृति स्थल के निर्माण के लिए स्वीकृत धनराशि तत्काल वापस की जाए और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति को सम्मान मिल सके।

जिला पंचायत सदस्य अशोक महरा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता उनसे जवाब मांग रही है और इस निर्णय से क्षेत्र में असंतोष बढ़ रहा है।

धरने में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया तथा प्रशासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर स्मृति स्थल निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।