

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार पुलिस ने “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।


पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हरियाणा निवासी एक व्यक्ति से भूत-प्रेत और ऊपरी बाधा दूर करने का झांसा देकर 4.60 लाख रुपये ठग लिए थे। शिकायत मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी की और कुछ ही घंटों में चिड़ियापुर क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।



गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 4.55 लाख रुपये नकद, एक लग्जरी कार तथा ठगी में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी “AGHORA” नाम से एक यूट्यूब चैनल संचालित करते थे। इस चैनल पर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो अपलोड कर लोगों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद समस्याओं के समाधान और ऊपरी बाधा दूर करने के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे।
पूछताछ के दौरान यह भी आशंका जताई गई है कि गिरोह ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क, बैंक लेनदेन और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है।

हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार या सोशल मीडिया पर किए जाने वाले ऐसे दावों के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके।


पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

