

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल जिले को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जा रही थी।


पुलिस के अनुसार कालाढूंगी रोड स्थित जनता बैंड एवं ढोल दुकान के सामने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान परवेज अहमद (40 वर्ष) पुत्र जमील अहमद निवासी नई बस्ती, निकट गोपाल मंदिर, वार्ड नंबर-20, थाना वनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस अभियुक्त से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और उसके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 234/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौर (प्रभारी चौकी हीरानगर), हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल गिरीश चन्द्र शामिल रहे। टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।


नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।

