

स्थान : कालाढूंगी/हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कालाढूंगी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 लीटर कच्ची शराब और 75 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद की है।


पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। अभियान का उद्देश्य शांति व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर अंकुश लगाना और अवैध शराब की तस्करी रोकना था।


चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने नयागांव से आगे बाजपुर-कालाढूंगी रोड तथा छोराजाली मार्ग पर कार्रवाई करते हुए बलकार सिंह (40) निवासी मोहाली जंगल बेरिया दौलत, थाना केलाखेड़ा, जनपद ऊधम सिंह नगर को 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया।

इसी अभियान के दौरान पुलिस ने अमरजीत सिंह (20) निवासी थापा नगला, कोतवाली बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर को 75 पाउच अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। बलकार सिंह के विरुद्ध एफआईआर संख्या 79/2026 तथा अमरजीत सिंह के विरुद्ध एफआईआर संख्या 80/2026 पंजीकृत की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही अवैध शराब के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है।


इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक तनवीर आलम, अपर उपनिरीक्षक लेखराज सिंह, कांस्टेबल मनोज द्विवेदी, किशन नाथ, अमनदीप सिंह और स्वरूप सिंह की पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

