खटीमा के बरी अंजनिया में जमीन विवाद पर प्रशासन सख्त, आरोपियों की गिरफ्तारी

खटीमा के बरी अंजनिया में जमीन विवाद पर प्रशासन सख्त, आरोपियों की गिरफ्तारी

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर – अशोक सरकार

जनपद उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र स्थित बरी अंजनिया गांव में जमीन विवाद और कथित फायरिंग के मामले को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधि लगातार सक्रिय हैं। मामले में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पूरे प्रकरण की जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों को खंगाल रही है।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि कानून हाथ में लेने वाले या अराजकता फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है तथा प्रत्येक मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस बीच बरी अंजनिया गांव के ग्रामीणों ने खटीमा एसडीएम और तहसीलदार से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखते हुए निष्पक्ष जांच और विवाद के शांतिपूर्ण समाधान की मांग की।

खटीमा एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि संबंधित भूमि विवाद वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने दोनों पक्षों से अपील की कि अंतिम न्यायिक निर्णय आने तक शांति, संयम और धैर्य बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार का विवाद या तनाव उत्पन्न न होने दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में लेने या अशांति फैलाने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

वहीं, सीओ खटीमा नीरज सेमवाल ने बताया कि 4 जुलाई को बरी अंजनिया में हुई घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि कथित फायरिंग की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस यह पता लगा रही है कि वास्तव में गोली चली थी या नहीं तथा घटना में शामिल लोग कौन थे। जांच में तथ्य सामने आते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।