

स्थान : पिथौरागढ़
ब्यूरो रिपोर्ट

मुनस्यारी सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी में कांग्रेस की परिवर्तन रैली का आयोजन किया गया। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रैली में भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।


रैली की शुरुआत भारतीय स्टेट बैंक परिसर से हुई, जो बस स्टेशन स्थित सभा स्थल तक पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।



कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने किया। उन्होंने रैली में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था की स्थिति, आपदा प्रबंधन और पुनर्वास कार्यों में लापरवाही को लेकर सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि मुनस्यारी क्षेत्र में विकास कार्यों में व्यापक अनियमितताएं हो रही हैं। कई मोटर मार्गों की स्थिति भी जर्जर बनी हुई है, जिससे स्थानीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकारी धन का सही और पारदर्शी तरीके से उपयोग नहीं किया जा रहा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता को उसका वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है।


सभा में स्थानीय विधायक हरीश सिंह धामी ने भी कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर तीन बार विश्वास जताया है और वे क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम करते रहे हैं।
विधायक ने आगामी चुनाव में चौथी बार भी जनता से समर्थन और आशीर्वाद की अपील की। उन्होंने कहा कि वे सड़क से लेकर सदन तक क्षेत्र के हितों के लिए संघर्ष करते रहेंगे और अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को आगे भी जारी रखेंगे।

