रामनगर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में भाजपा सरकार पर साधा निशाना

रामनगर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में भाजपा सरकार पर साधा निशाना

स्थान : रामनगर
रिपोर्टर
: सलीम अहमद साहिल

रामनगर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने रामनगर में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन आयोजित कर चुनावी अभियान को गति दी। शहर के एक निजी बैंक्वेट हॉल में आयोजित सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार पर विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा, वरिष्ठ नेता प्रकाश जोशी, प्रीतम सिंह, पूर्व विधायक रंजीत रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। नेताओं का कहना था कि इन विषयों पर राज्य सरकार पूरी तरह विफल रही है और जनता अब बदलाव चाहती है। सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह भी देखने लायक रहा।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार सामने आए पेपर लीक मामलों ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है, जबकि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था भी लगातार कमजोर होती जा रही है।

यशपाल आर्य ने मानव-वन्यजीव संघर्ष का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अपनी जान जोखिम में डालकर जीवन यापन कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का माहौल बन चुका है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार बनाएगी।

पिथौरागढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की मर्यादा और अनुशासन का पालन सभी के लिए आवश्यक है तथा आंतरिक विषयों पर चर्चा के लिए पार्टी के भीतर पर्याप्त मंच उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम के संयोजक और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा ने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा को पूरे प्रदेश में जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि रामनगर इस यात्रा का अंतिम पड़ाव है और यहां बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी प्रदेश में बदलाव की इच्छा को दर्शाती है।

कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर करन मेहरा ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के भीतर ही वर्तमान और पूर्व नेताओं के बीच मतभेद सार्वजनिक रूप से सामने आ रहे हैं। वहीं हरीश रावत की तस्वीर कुछ पोस्टरों में नहीं होने के विवाद पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्टर आधिकारिक नहीं थे और कार्यक्रम के सभी अधिकृत बैनरों एवं पोस्टरों में हरीश रावत को सम्मानजनक स्थान दिया गया था।

रामनगर का परिवर्तन संकल्प सम्मेलन कांग्रेस के लिए एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में सामने आया। सम्मेलन के माध्यम से पार्टी ने भाजपा सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का दावा किया। अब यह देखना होगा कि यह राजनीतिक अभियान चुनावी मैदान में कांग्रेस को कितना लाभ दिला पाता है।